क्षेत्रीय
20-May-2026
...


- रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन जबलपुर, (ईएमएस)। ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के देशव्यापी हड़ताल के आह्वान के तहत बुधवार 20 मई को देश और प्रदेश के साथ ही जबलपुर में भी लगभग दो हजार से अधिक दवा दुकानों पर ताले पडे रहे। व्यापारी अपने मेडिकल स्टोर बंद रखकर सुबह लगभग 10 बजे सिविक सेंटर में एक हुए और यहां से उन्होंने नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन कर रैली निकाली। विभिन्न मार्गो से होकर यह रैली कलेक्ट्रट पहुंची जहां ऑनलाईन दवा कारोबार पर तत्काल विराम लगाने की मांग की गई। सभी दवा दुकाने बंद रहने से आम जरूरतमंद मरीजों को दिक्कत का सामना करना पडा। हालांकि बंद से कुछ जरूरी दवा केंद्रों को पूरी तरह मुक्त रखा गया है। इस दौरान शहर के सभी प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र, अमृत फार्मेसी, सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और प्राइवेट अस्पतालों के अंदर चलने वाले मेडिकल स्टोर्स खुले रहे। मध्यप्रदेश केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने भी इस हड़ताल का समर्थन करते हुए कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से जनस्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है और सरकार को इसे रोकना चाहिए। केमिस्ट संगठनों का आरोप है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना उचित जांच के दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे गलत दवा सेवन और दुरुपयोग की आशंका बढ़ रही है। उनका कहना है कि ऑफलाइन मेडिकल स्टोर में दवा देने से पहले पूरी जांच की जाती है जबकि आन लाइन दवा कारोबार में किसी तरह की जांच का प्रावधान नहीं है जिससे यह आम लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल सकती हैं । इसलिए इस पर तत्काल रोक लगाया जाना चाहिए। केमिस्ट संगठनों के मुताबिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बिना जांच और पुराने प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे गलत दवा सेवन का खतरा बढ़ रहा है। अजय पाठक / मोनिका / 20 मई 2026