भिंड ( ईएमएस ) भिंड जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र में कोषड पुलिया के पास हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क पर आए सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अरुण उर्फ पप्पू जाटव पुत्र सुमेर जाटव उम्र करीब 50 वर्ष निवासी किशूपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अरुण जाटव मंगलवार रात रमा गांव डीजल देने गए थे। वहां से वापस अपने गांव किशूपुरा लौटते समय कोषड पुलिया के पास उनकी बाइक अचानक सड़क पर घूम रहे सांड से जा भिड़ी। हादसे में अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मध्यप्रदेश पुलिस की सुरपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मर्ग कायम कर लिया है।