- मध्यप्रदेश से बड़े पैमाने पर कर रहे थे महाराष्ट्र में हथियार सप्लाई नागपुर, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में अवैध रूप से हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने किया है। इस कार्रवाई में वर्धा के 22 वर्षीय युवक शुभम पवार को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से दो पिस्टल, चार मैगजीन और 94 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार एटीएस को गुप्त सूचना मिली थी कि शुभम पवार और उसके साथी मध्यप्रदेश से बड़ी मात्रा में हथियार महाराष्ट्र लाने वाले हैं। सूचना के आधार पर नागपुर और अकोला एटीएस की टीमों ने समृद्धि महामार्ग क्षेत्र में जाल बिछाया। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन बाद में शुभम पवार को बुलढाणा जिले के पिंपरी कोली गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था। एटीएस ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय खुफिया नेटवर्क की मदद से उसका पता लगाया। सोमवार दोपहर संयुक्त टीम ने छापा मारकर उसे हिरासत में लिया। प्राथमिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी और उसके साथी मध्यप्रदेश से बड़े पैमाने पर महाराष्ट्र में हथियार सप्लाई कर रहे थे। फिलहाल एटीएस यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार किसी बड़े अपराध, साजिश या गैंग को सप्लाई करने के लिए लाए गए थे या नहीं। - २० मई/२०२६/ईएमएस