20-May-2026
...


4 लाख का 36 किलो गांजा जप्त, घरेलू सामान की आड़ में कर रहे थे तस्करी - जंगल के रास्ते भोपाल शहर के कई इलाको में थी सप्लाई की तैयारी - आपस में रिश्तेदार बताये जा रहे आरोपी करते हैं मेहनत मजदूरी का काम भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल की क्राइम ब्रांच टीम ने ऐसे गांजा तस्कर गिरोह को दबोचा है, जो पुलिस की नजरो से बचने के लिये घरेलू सामान की आड़ में नशीला माल लेकर आ रहे थे। तस्कर गैंग में पांच महिला समेत सात आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े है, जिनके कब्जे से चार लाख कीमत का 36 किलो गांजा जप्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला कायम कर उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है। क्राइम ब्रांच एडीसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया की मुखबिर से मिली की कुछ महिला और पुरुष पंजाब मेल ट्रेन से भारी मात्रा में गांजा लेकर भोपाल पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं यह जानकारी भी पता चली की शातिर गांजा तस्कर गिरोह आउटर क्षेत्र में उतरकर करारिया जंगल के छोला बस्ती निकल जाएंगे जहां गांजा सप्लाई किया जाना है। खबर मिलते ही टीम ने बजरिया क्षेत्र स्थित कोच फै्ट्री के पास घेराबंदी कर सभी संदिग्धो महिला और पुरुषो को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान राहुल सौदा, रवि मेसकर, रचना सौदा पति महेश सौदा, सीमा सौदा पति धर्म सौदा, निधि सौदा पति राहुल सौदा सभी निवासी भोपाल, काजल मेसकर पिता सरबन मेसकर और आरती ऊंटबार पति नरेंद्र ऊंटबार दोनो निवासी मंडी बमौरा सागर के रुप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद घरेलू उपयोग का सामान जैसे प्लास्टिक की टोकरी, टप, तगाड़ी, पटा, बाल्टियां, बैग, झोले एवं प्लास्टिक की बोरियों की तलाशी लेने पर उनमें लगभग 36 किलो गांजा रखा मिला। पुलिस के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में सामने आया है, कि आरोपी बाहरी राज्यों से गांजा लाकर भोपाल शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। बताया गया है कि पकड़ाये आरोपी आपस में रिश्तेदार है, जिसकं संबध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड पाया गया है, जिसके संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा मोबाइल फोन जप्त किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से गांजा सप्लाई नेटवर्क, गांजा उपलब्ध कराने वाले और भोपाल में गांजा खरीदने वाले लोगो के संबंध में पूछताछ कर है। जुनेद / 20 मई