क्षेत्रीय
20-May-2026


दतिया ( ईएमएस ) | सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा पिछड़ा वर्ग जाति के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से छात्रवृत्ति योजना संचालित की जा रही है। इस योजना का प्रमुख उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता प्रदान करना है ताकि वे आर्थिक अभाव के कारण अपनी शिक्षा बीच में न छोड़ें और आत्मनिर्भर बन सकें। उक्त योजनान्तर्गत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दतिया जिले से अध्ययनरत पिछड़ा वर्ग जाति के 532 छात्रों को छात्रवृत्ति राशि 9159371 रुपये का भुगतान किया। यह छात्रवृत्ति महाविद्यालय स्तर पर अध्ययनरत पिछड़ा वर्ग जाति के विद्यार्थियों को प्रदान की जाती है। इस योजना के अंतर्गत वही विद्यार्थी पात्र हैं जो मध्यप्रदेश के के मूल निवासी हों और जिनके अभिभावक या पालक की वार्षिक आय तीन लाख रूपये तक हो। पात्र विद्यार्थियों की वास्तविक शैक्षणिक शुल्क राशि का भुगतान विभाग द्वारा निर्धारित मानदंडों के अनुसार सीधे विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खाते में किया जाता है। छात्रवृत्ति हेतु आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों को पिछली कक्षा उत्तीर्ण प्रमाणपत्र/अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र टी. सी. तथा आय प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है। विद्यार्थी एमपीटास पोर्टल के माध्यम से छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह पोर्टल जनजातीय कार्य विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित है। विद्यार्थी अपने आधार नंबर एवं बैंक खाते के माध्यम से पोर्टल पर पंजीयन कर सकते हैं। आवेदन स्वीकृत होने पर छात्रवृत्ति की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में जमा की जाती है तथा आवेदन की स्थिति की जानकारी भी विद्यार्थी पोर्टल से प्राप्त कर सकते हैं।