*➡️ भाजपा अध्यक्ष सहित सभी 15 प्रत्याशी भारी बहुमत से जीतेंगे, कांग्रेस को जनता सिखाएगी सबक* *राजनांदगांव। (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मीडिया सह-प्रभारी ज्ञानेश जैन ने आगामी 1 दिसंबर को होने वाले घुमका नगर पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि घुमका नगर पंचायत में भाजपा की लहर चल रही है और अध्यक्ष पद सहित पार्टी के सभी 15 अधिकृत प्रत्याशी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा विकास, सुशासन और जनता के विश्वास के आधार पर राजनीति की है। घुमका नगर पंचायत क्षेत्र की जनता भाजपा की नीतियों और सरकार के कार्यों से पूरी तरह संतुष्ट है जिसका सीधा लाभ आगामी चुनाव में पार्टी को मिलने जा रहा है। श्री जैन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का नगर पंचायत क्षेत्र में कोई जनाधार नहीं बचा है। कांग्रेस केवल भ्रम और झूठ की राजनीति कर रही है लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ेगी और जनता उन्हें पूरी तरह नकार देगी। वहीं आम आदमी पार्टी को लेकर भी उन्होंने कहा कि घुमका नगर पंचायत में आम आदमी पार्टी का कोई औचित्य नहीं है। क्षेत्र की जनता स्थानीय विकास और मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ी है इसलिए बाहरी और अवसरवादी राजनीति को यहां कोई स्थान नहीं मिलेगा। श्री जैन ने विश्वास जताते हुए कहा कि भाजपा अध्यक्ष पद सहित सभी 15 वार्डों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और घुमका नगर पंचायत में भाजपा का परचम लहराएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत और उत्साह के साथ चुनाव प्रचार में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है और जीत निश्चित है। ईएमएस/मोहने/ 20 मई 2026