राज्य
20-May-2026


-- निरीक्षण करते जिलाधिकारी अतुल वत्स हाथरस (ईएमएस)। जनपदवासियों को बेहतर, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचार कराने आए मरीजों एवं तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, पर्चा काउंटर, चिकित्सक कक्ष, अल्ट्रासाउंड कक्ष, एक्स-रे कक्ष तथा ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों की भीड़, कतार व्यवस्था और उपचार प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।जिलाधिकारी ने औषधि संग्रह कक्ष में दवा वितरण पंजिका एवं उपलब्ध दवाओं की समाप्ति तिथि का मिलान किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं तथा बाहरी दवाएं लिखने की प्रवृत्ति किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी दवा वितरण काउंटरों को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों को अनावश्यक भीड़ और असुविधा का सामना न करना पड़े।अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे कक्ष के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी जांचें निर्धारित तिथि एवं सीरियल नंबर के आधार पर पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएं। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा जांच प्रक्रियाओं को सरल और व्यवस्थित बनाया जाए।उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल सुविधा, बैठने की व्यवस्था एवं कतार प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। ऑक्सीजन प्लांट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 20 मई 2026

खबरें और भी हैं