:: इंदौर में ब्रिक्स यूथ एंटरप्रेन्योरशिप वर्किंग ग्रुप की बैठक के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने पत्रकारों से की चर्चा; कहा- छोटे शहरों और कस्बों तक पहुंचा नवाचार का दायरा :: इंदौर (ईएमएस)। केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विजन से पिछले 10 वर्षों में देश का स्टार्टअप इकोसिस्टम पूरी तरह बदल चुका है। केंद्र सरकार के नीतिगत निर्णयों के कारण आज देश में सक्रिय स्टार्टअप की संख्या दो लाख के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर गई है। विशेष बात यह है कि यह बदलाव अब केवल बड़े महानगरों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के टियर-2 और टियर-3 (छोटे शहरों और कस्बों) के युवाओं तक पहुंच चुका है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री बुधवार को इंदौर में आयोजित ब्रिक्स यूथ एंटरप्रेन्योरशिप वर्किंग ग्रुप (ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह) की दो दिवसीय बैठक के उद्घाटन सत्र के उपरांत पत्रकारों से चर्चा कर रही थीं। :: ब्रिक्स देशों के साथ साझा होंगे भारत के सर्वश्रेष्ठ अनुभव :: केंद्रीय राज्य मंत्री खड़से ने बताया कि ब्रिक्स की पिछली बैठकों में हुए समझौतों के अनुरूप, इस बार मुख्य एजेंडा भारत के इस सफल स्टार्टअप मॉडल को वैश्विक पटल पर रखना है। भारत नवाचार के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों और व्यावहारिक नीतियों को ब्रिक्स सदस्य देशों के साथ साझा कर रहा है, ताकि अन्य उभरती अर्थव्यवस्थाएं भी इन सर्वश्रेष्ठ अनुभवों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) का लाभ उठाकर अपने युवाओं को आगे बढ़ा सकें। :: पश्चिम एशिया संकट के चलते वर्चुअली जुड़े कुछ डेलीगेट्स :: एक सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि इंदौर में आयोजित इस दो दिवसीय समागम में लगभग सभी ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। हालांकि, पश्चिम एशिया (मिडल ईस्ट) में जारी मौजूदा संघर्ष और भू-राजनीतिक तनाव के कारण कुछ देशों के डेलीगेट्स भारत आने में असमर्थ रहे, लेकिन बैठक की महत्ता को देखते हुए वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअली इस पूरे विचार-विमर्श और मंथन से जुड़े हुए हैं। :: युवाओं के कंधों पर सतत विकास की जिम्मेदारी :: केंद्रीय मंत्री ने रेखांकित किया कि दो दिवसीय बैठक बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी (लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण) के मूल उद्देश्य पर केंद्रित है। सरकार की नीतियों ने देश के युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला दिया है। भारत सतत विकास और उद्यमिता को गति देने में युवा शक्ति को सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ मानता है। इस अवसर पर केंद्रीय युवा मामले की सचिव पल्लवी जैन गोविल और मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग भी उपस्थित थे। :: यह है ब्रिक्स समूह :: ब्रिक्स दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का एक सशक्त अंतर-सरकारी संगठन है। इस भू-राजनीतिक ब्लॉक में भारत, ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं। वैश्वीकरण के इस दौर में इस समूह का महत्व लगातार बढ़ रहा है। प्रकाश/20 मई 2026