राज्य
20-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार शाम 5 बजे सेवा तीर्थ में मंत्रिपरिषद की एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में केंद्र सरकार के सभी प्रमुख मंत्री शामिल होंगे और विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज की व्यापक समीक्षा की जाएगी। बैठक को सरकार के आगामी प्रशासनिक और राजनीतिक एजेंडे के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में हाल के महीनों में लिए गए प्रमुख फैसलों, योजनाओं और नीतियों के क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा होगी. बैठक के दौरान विभिन्न मंत्रालयों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। सरकारी योजनाएं जमीनी स्तर तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं। साथ ही आने वाले महीनों के लिए शासन की प्राथमिकताओं, विकास कार्यों की गति और प्रशासनिक सुधारों की दिशा तय करने पर भी विशेष जोर रहेगा। माना जा रहा है कि आर्थिक विकास, रोजगार, बुनियादी ढांचे, कृषि और सामाजिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हो सकती है। राजनीतिक दृष्टि से भी यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हाल के दिनों में केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की अटकलें तेज हुई हैं और माना जा रहा है कि मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा के आधार पर कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। ऐसे में यह बैठक सरकार के भीतर जवाबदेही और कार्यक्षमता को लेकर भी अहम संकेत दे सकती है। इसके अलावा, पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण वैश्विक स्तर पर बढ़ती ऊर्जा कीमतों, आपूर्ति शृंखला में आ रही बाधाओं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ रहे असर का भारत की अर्थव्यवस्था पर संभावित प्रभाव भी बैठक के एजेंडे में शामिल रह सकता है। सरकार इन चुनौतियों से निपटने के लिए आगे की रणनीति पर चर्चा कर सकती है। प्रधानमंत्री मोदी हाल ही में अपने पांच देशों के दौरे से लौटे हैं। 15 से 20 मई तक चले इस दौरे के अंतिम चरण में वह मंगलवार को इटली पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे का दौरा किया था। चन्द्रबली सिंह / 20/05/2026