:: स्वच्छ शहर जोड़ी अभियान के तहत कपड़ों और चप्पलों का हुआ वितरण; महिलाओं व युवाओं को दिया गया कपड़े के बैग बनाने का प्रशिक्षण :: देपालपुर/इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छ शहर जोड़ी अभियान के अंतर्गत महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार नगर परिषद देपालपुर द्वारा स्वच्छता और जनसेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकल) सेंटर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना रहा। अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों को कपड़े और चप्पलों का निशुल्क वितरण किया गया। इसके साथ ही, सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह अंकुश लगाने और पर्यावरण अनुकूल आदतों को बढ़ावा देने के लिए उपस्थित महिलाओं और युवाओं को कपड़े के बैग (थैले) बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि वे स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर भी बन सकें। नगर परिषद प्रशासन ने “रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकल” की अवधारणा को मजबूत करने के संदेश के साथ नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों का पुराना लेकिन उपयोगी सामान इन केंद्रों तक पहुंचाएं, ताकि उसे जरूरतमंदों तक वितरित किया जा सके। इसके साथ ही रोजमर्रा के जीवन में प्लास्टिक के बजाय कपड़े के थैलों को अनिवार्य रूप से अपनाने का आग्रह किया गया है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, “देपालपुर बनेगा नंबर 1” के संकल्प को धरातल पर साकार करने के लिए आगामी दिनों में भी ऐसे जनहितकारी और जनभागीदारी वाले कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। प्रकाश/20 मई 2026