राज्य
20-May-2026
...


:: नगर निगम अब तक आयोजित कर चुका है 209 स्लम हाट; मार्च में विशेष अभियान चलाकर संग्रहित की गई 55 हजार किलो उपयोगी सामग्री :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर नगर निगम द्वारा शहर में संचालित किए जा रहे 15 आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकल) सेंटर्स वर्तमान में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सहयोग का भी एक प्रभावी और बड़ा माध्यम बनकर उभर रहे हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशन में सुचारू रूप से संचालित इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों द्वारा दी गई हजारों किलोग्राम उपयोगी सामग्री को संग्रहित किया जा रहा है और बाद में उसे पूरी प्रामाणिकता के साथ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है। इस मानवीय और पर्यावरणीय पहल को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम द्वारा अब तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 209 “आरआरआर स्लम हाट” आयोजित किए जा चुके हैं। इन हाट बाज़ारों के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को कपड़े, किताबें, जूते-चप्पल और अन्य आवश्यक घरेलू उपयोग की सामग्री पूरी तरह निशुल्क वितरित की गई है। इसके अतिरिक्त, इसी वर्ष मार्च 2026 में निगम द्वारा चलाए गए विशेष “घर की सफाई – आरआरआर कलेक्शन ड्राइव” अभियान को शहरवासियों का अभूतपूर्व समर्थन मिला, जिसके अंतर्गत नागरिकों ने अपने घरों से लगभग 55 हजार किलोग्राम उपयोगी सामग्री इन केंद्रों को दान स्वरूप सौंपी। नगर निगम प्रशासन की यह अनूठी पहल “वेस्ट टू वैल्यू” (कचरे से बहुमूल्य वस्तु) की वैश्विक अवधारणा को धरातल पर मजबूत कर रही है। यह व्यवस्था जहां एक ओर अनुपयोगी मानी जाने वाली वस्तुओं को दोबारा चलन में लाकर कचरे के प्रबंधन को आसान बना रही है, वहीं दूसरी ओर एक स्वच्छ, संवेदनशील और पर्यावरण अनुकूल इंदौर के निर्माण में भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रकाश/20 मई 2026