राज्य
20-May-2026


:: भूजल स्तर गिरने और बोरिंग सूखने पर लिया निर्णय; अवैध वसूली या पानी बेचने की शिकायत के लिए मोबाइल व कंट्रोल रूम नंबर जारी :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर में लगातार गिरते भूजल स्तर और गरमी के चलते बड़ी संख्या में नलकूप (बोरिंग) सूखने के कारण उत्पन्न हुए जल संकट से नागरिकों को राहत देने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। निगम द्वारा वर्तमान में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 695 टैंकरों के माध्यम से पूरी तरह निशुल्क जल वितरण किया जा रहा है। इस बेड़े में 616 निजी अनुबंधित टैंकर और 79 नगर निगम के खुद के टैंकर शामिल हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने संयुक्त रूप से बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए सभी टैंकरों पर अनिवार्य रूप से “निशुल्क जल वितरण” के स्टीकर लगाए गए हैं। यदि कोई चालक, हेल्पर, क्लीनर या अन्य कोई व्यक्ति पानी देने के बदले रुपयों की मांग करता है, या पानी बेचने या खरीदने की गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है, तो नागरिक उसकी शिकायत तुरंत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए निगम ने शिकायत मोबाइल नंबर 9244998811, निगम कंट्रोल रूम नंबर 8889855202 तथा 311 ऐप की व्यवस्था की है। :: प्रत्येक जोन और वार्ड के लिए सूची तैयार :: निगम आयुक्त ने बताया कि शहर के प्रत्येक जोन और वार्ड में आवश्यकतानुसार टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं। सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित टैंकरों की एक विस्तृत सूची भी तैयार की गई है, जिसमें वाहन नंबर, संबंधित एजेंसी, ड्राइवर का नाम और उसका मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से दर्ज है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यह जल वितरण व्यवस्था पूरी तरह जनहित में और निशुल्क है, इसलिए किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या पानी की खरीद-फरोख्त की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें, ताकि दोषी व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जा सके। प्रकाश/20 मई 2026