नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने उभरते हुए बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा है कि वह आईपीएल के इस एक सत्र में सबसे अधिक छक्के लगाने का वेस्टइंडीज के बल्लेबाज क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। वैभव ने इस सत्र में अबतक 53 छक्के लगाये हैं और उन्हें क्रिस गेल के 2012 में लगाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़े के लिए सात छक्के और लगाने हैं। हैरानी की बात ये है कि वैभव अभी केवल 15 साल के हैं। वैभव कितने आक्रामक तरीके से खेलते हें। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस बल्लेबाज ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में केवल 38 गेंदों में 93 रन बना दिये थे ओर इस दौरान 10 छक्के लगाये थे। कुंबले ने कहा, 15 साल के इस बल्लेबाज ने इस आईपीएल सत्र में अभी तक ही 53 छक्के लगा दिए हैं जो हैरानी की बात है। एक सत्र में सबसे ज्यादा 59 छक्के लगाने के गेल के रिकार्ड को वह इसी सत्र में तोड़ सकते हैं। कुंबले ने वैभव की तकनीकी क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा, बहुत कम बल्लेबाज कवर के ऊपर से इतनी आसानी से छक्के मार सकते हैं पर वैभव ने कई ऐसे छक्के लगाये हैं। कुंबले ने वैभव की प्रतिभा पर अपनी हैरानी व्यक्त करते हुए कहा, मुझे खुशी है कि लोगों के पास अब भी ऐसी प्रतिभा का वर्णन करने के लिए शब्द हैं। मेरे पास तो शब्द कम पड़ते जा रहे हैं। यह लड़का बहुत खास है। वह इतनी छोटी उम्र में भी पूरी परिपक्वता दिखाते हुए जिस तरह से खेल रहा है। उससे सभी हैरान हैं। वह किसी भी क्रिकेट प्रेमी को उत्साहित कर सकता है। इस बल्लेबाज का प्रदर्शन न केवल मौजूदा आईपीएल सत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए भी एक उज्ज्वल संकेत दे रहा है। अगर वह अगले कुछ मैचों में गेल का रिकॉर्ड तोड़ पाते हैं, तो यह उनके करियर का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगा। गिरजा/ईएमएस 21 मई 2026