राज्य
21-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। सड़कों पर बढ़ता कब्जा, फुटपाथों पर गायब होती जगह और रोजमर्रा के जाम से जूझती जनता, अब यमुनापार के उत्तर पूर्वी दिल्ली जिले में अतिक्रमण के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू होने जा रही है। नगर निगम के शाहदरा उत्तरी जोन ने पहली बार ऐसा सख्त प्लान तैयार किया है, जिसमें हर वार्ड के सबसे बड़े तीन हॉटस्पाट पर रोजाना बुलडोजर चलेगा और अतिक्रमण को जड़ से खत्म करने की कोशिश की जाएगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि लगातार अभियान के चलते अतिक्रमणकारियों के हौसले ध्वस्त होंगे और अतिक्रमण पूरी तरह से रुक सकेगा। योजना के मुताबिक, प्रत्येक वार्ड में तीन ऐसे प्रमुख स्थानों की पहचान की जाएगी, जहां अतिक्रमण सबसे ज्यादा है। इन जगहों का चयन स्थानीय पार्षदों और विधायकों के सुझावों के आधार पर किया जाएगा, ताकि वास्तविक समस्या वाले इलाकों को प्राथमिकता मिल सके। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/21/ मई/2026