रोम (ईएमएस)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इटली के रोम में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रतिष्ठित एग्रीकोला मेडल से सम्मानित किया गया है। खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) द्वारा वर्ष 2026 का यह सर्वोच्च सम्मान ऐतिहासिक एफएओ प्लेनरी हॉल में संगठन के महानिदेशक क्यू डोंग्यू द्वारा प्रदान किया गया। यह पुरस्कार वैश्विक और घरेलू स्तर पर खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने, कृषि विकास को गति देने और किसानों के कल्याण में प्रधानमंत्री मोदी के अनुकरणीय योगदान के लिए दिया गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए एफएओ के महानिदेशक क्यू डोंग्यू ने कहा कि यह पदक कृषि उत्पादकता बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने और किसानों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के प्रति प्रधानमंत्री मोदी की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने भूख और गरीबी के खिलाफ वैश्विक लड़ाई, सार्वभौमिक खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में भारत के निरंतर सहयोग की सराहना की। समारोह के दौरान भारत की कृषि व्यवस्था में आए नीतिगत बदलावों का विशेष उल्लेख किया गया। तकनीकी और किसान-केंद्रित योजनाओं के माध्यम से हुए सुधारों की तारीफ करते हुए एफएओ प्रमुख ने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद से भारत ने लगभग 80 करोड़ लोगों को निरंतर खाद्य सहायता उपलब्ध कराई है। इसके साथ ही, देश के 11 करोड़ से अधिक किसानों को सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई गई है, जो जन-कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इसके अलावा, भारत द्वारा प्राकृतिक और टिकाऊ खेती को दिए जा रहे बढ़ावा तथा इंटरनेशनल ईयर ऑफ मिलेट्स के माध्यम से पौष्टिक मोटे अनाज को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने की पहलों की भी सराहना की गई। जी20 अध्यक्षता के दौरान भारत द्वारा डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर दिए गए जोर को विकासशील देशों में तकनीक और सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में गेम-चेंजर बताया गया, जिसके परिणामस्वरूप भारत में लाखों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में मदद मिली है। वीरेंद्र/ईएमएस/21मई 2026