महासमुंद (ईएमएस)। जिले में कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सरायपाली विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघोड़ा में टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल नायक और खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी.आर. धृतलहरे की उपस्थिति में 14 वर्ष आयु वर्ग की 22 बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाई गई, जो सर्वाइकल कैंसर से बचाव में सहायक मानी जाती है। भीषण गर्मी के बावजूद बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक शिविर में पहुंचकर टीकाकरण कराया। इस अवसर पर ग्राम रूढ़ा की कु. प्रीति पटेल ने अपने सहपाठियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया, जिसके लिए उन्हें सम्मानित किया गया। साथ ही सभी टीकाकृत बालिकाओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ स्थानीय मितानिनों ने भी सक्रिय सहयोग दिया। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे एचपीवी टीके को लेकर किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। - (ईएमएस)21 मई 2026