सरगुजा(ईएमएस)। जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लैंगा में 25 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि महिला की हत्या करंट लगाकर की गई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतका की शादी वर्ष 2020 में लक्ष्मणगढ़ निवासी महिला की शादी ग्राम लैंगा निवासी संतलाल (26) से सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दंपति के बीच विवाद शुरू हो गया था, खासकर बच्चे नहीं होने के कारण महिला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई राजेंद्र प्रसाद ने आरोप लगाया है कि पति का किसी अन्य युवती से संबंध था और वह अक्सर उस लड़की की फोटो अपने व्हाट्सएप डीपी पर लगाता था। परिजनों का कहना है कि इस बात को लेकर पहले भी सामाजिक स्तर पर पंचायत बैठकों का आयोजन हुआ था, जिसमें आरोपी पति को समझाया गया था, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। परिजनों के मुताबिक महिला की घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि महिला के शरीर पर करंट लगने के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या बिजली के झटके देकर की गई है। परिवार का यह भी आरोप है कि मौत के बाद आरोपी पति घर में तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर डांस कर रहा था और उसने घटना की जानकारी देर से मायके पक्ष को दी। मामले को लेकर मृतका के परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। भाई ने आरोपियों के लिए कठोर सजा की मांग करते हुए कहा कि जिस तरह उनकी बहन की मौत हुई है, उसी तरह आरोपी को भी सजा दी जानी चाहिए। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी शशिकांत सिंह ने बताया कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 मई 2026