क्षेत्रीय
21-May-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र में एक युवक द्वारा मात्र एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग गंभीर घटनाओं को अंजाम देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले अपने ही दोस्त को शराब पिलाने के बहाने सुनसान जगह पर बुलाकर चाकू से जानलेवा हमला किया, फिर कुछ ही देर बाद एक नाबालिग की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पहला मामला ग्राम कोमडो क्षेत्र का है, जहां आरोपी सचिन राम (20 वर्ष) ने अपने परिचित सूरज रजक (22 वर्ष) को शराब पीने के बहाने मोटरसाइकिल से सुनसान इलाके में ले गया। वहां पहुंचते ही आरोपी ने अचानक कहा कि “मेरा लड़ने का मन कर रहा है, चलो लड़ते हैं” और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने अपने पास रखे चाकू से सूरज रजक की पीठ और माथे पर हमला कर दिया। हमले के दौरान युवक ने किसी तरह आरोपी से बचते हुए चाकू छीनने की कोशिश की, जिससे चाकू टूट गया। घायल अवस्था में वह पास स्थित मंदिर में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। आरोपी वहां से फरार हो गया। इसी दौरान कुछ ही घंटों बाद दूसरी घटना भागलपुर बरटोली क्षेत्र में हुई। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 2:30 बजे नाबालिग कृष्णा भगत (15 वर्ष) नहाने के लिए बाकी नाला स्थित धोबी घाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने उसे रास्ते में रोक लिया और बिना किसी कारण उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने नाबालिग को जमीन पर पटककर हाथ, मुक्कों और लातों से बेरहमी से पीटा, जिससे किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर घायल युवक का मेडिकल परीक्षण कराया और मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया। आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने भागलपुर क्षेत्र से आरोपी सचिन राम को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 मई 2026