- 2.80 लाख का गांजा और बुलेरो जब्त गुना (ईएमएस)। शहर की कैंट थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर गुना बायपास स्थित देशी ठाट ढाबा के पास घेराबंदी कर गांजे की एक बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मौके से अवैध मादक पदार्थ गांजे की तस्करी कर रहे पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 28 किलो 450 ग्राम गांजा, एक सफेद रंग की बुलेरो गाड़ी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2,80000 रुपये आंकी गई है। कैंट थाने में पदस्थ सउनि बालकृष्ण दिवाकर ने बताया कि बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बायपास पर देशी ठाट ढाबा के पास आयशर वर्कशॉप के सामने कच्चे रास्ते में कुछ लोग बुलेरो गाड़ी और मोटरसाइकिल के साथ बड़ी मात्रा में गांजा खुर्द-बुर्द करने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से दो संदिग्धों को दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विनोद साहू (35) और उसके पिता भैयालाल साहू (65) निवासी पानी की टंकी के पास, पिपरौदा खुर्द (कैंट, गुना) होना बताया। पुलिस ने बिना नंबर वाली सफेद बुलेरो की तलाशी ली गई, तो उसकी पिछली डिग्गी में एक काले रंग का कट्टा मिला। कट्टे को खोलकर देखने पर उसमें भूरे रंग के टेप से लिपटे हुए कुल 28 पैकेट बरामद हुए, जिन्हें हाथ से रगड़कर सूंघने पर गांजे की पुष्टि हुई। तौल करने पर कट्टे सहित कुल गांजे का वजन 28 किलो 450 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा, बुलेरो वाहन और मोटरसाइकिल (MP08-MY-2709) को विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस ने धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। - सीताराम नाटानी