गुना (ईएमएस)। कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-46 पर जज्जी की पंचायत और एकलव्य छात्रावास के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अज्ञात वाहन के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला वाहन के पहियों के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र और पहचान के संबंध में फिलहाल कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस आस-पास के गांवों और सोशल मीडिया के माध्यम से अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। साथ ही, हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।_सीताराम नाटानी