रांची(ईएमएस)।राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार से गुरुवार को विधायक रागिनी सिंह एवं धनबाद के महापौर संजीव सिंह ने लोकभवन, रांची में भेंट की और उच्च शिक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर ज्ञापन सौंपा। विधायक व महापौर ने राज्यपाल को बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विवि, धनबाद अंतर्गत कॉलेजों में क्लस्टर सिस्टम के संबंध में छात्रहित एवं व्यावहारिक समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया. ज्ञापन में कहा गया कि धनबाद एवं कोयलांचल क्षेत्र की भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए इस व्यवस्था के लागू होने से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को आवागमन, समय एवं आर्थिक बोझ जैसी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। विधायक ने झरिया विधानसभा क्षेत्र स्थित राजा शिव प्रसाद कॉलेज से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए भी ज्ञापन सौंपा और छात्रहित में इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया। कर्मवीर सिंह/21मई/26