क्षेत्रीय
21-May-2026


रांची(ईएमएस)।झारखंड के जामताड़ा जिले की बेटी देवासी हेंब्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का नाम रौशन किया है। थाईलैंड में आयोजित एयर गन राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए देवासी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है। गुरुवार को देवासी हेंब्रम अपने माता-पिता के साथ झारखंड विधानसभा पहुंचे, जहां विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने उन्हे सम्मानित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड की बेटी और उनके अपने विधानसभा क्षेत्र की बेटी देवासी ने थाईलैंड में गोल्ड मेडल जीतकर पूरे राज्य और देश का नाम रौशन किया है। यह हम सभी के लिए गर्व का क्षण है।उन्होंने कहा कि प्रतिभा कभी गरीब और अमीर में फर्क नहीं करती। गांव और ग्रामीण इलाकों में आज भी कई ऐसे प्रतिभाशाली युवा हैं, जिनमें दुनिया के सामने कुछ कर दिखाने की क्षमता है। जरूरत सिर्फ उन्हें पहचानने और आगे बढ़ाने की है। कर्मवीर सिंह/21मई/26