इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पाकिस्तानी वायु सेना का जेएल-8 ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट बुधवार को मियांवाली जिले के कमरमाशानी इलाके में क्रैश हो गया। होंगडू जेएल-8 को चीन बनाता है। इस हादसे की तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं। शुरुआती रिपोर्टों से संकेत मिला है कि विमान के गिरने से पहले दोनों पायलट सुरक्षित निकलने में सफल रहे। वीडियो में विमान के टकराने से कुछ पल पहले दुर्घटनास्थल के पास पैराशूट नीचे उतरते हुए दिखाई दे रहे है। हालांकि, पाकिस्तानी वायु सेना ने अभी तक आधिकारिक तौर पर पायलटों की स्थिति की पुष्टि नहीं की है। न ही यह बताया है कि जमीन पर कोई हताहत हुआ है या नहीं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मियांवाली में पीएएफ बेस एम एम आलम में है। यह पाकिस्तान के प्रमुख वायु सेना प्रशिक्षण केंद्रों में से एक है। यह क्षेत्र पिछले कुछ सालों में कई सैन्य विमानन दुर्घटनाओं का गवाह रहा है। इस हालिया दुर्घटना ने पाकिस्तान के ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट और पुराने होते लड़ाकू एयरक्राफ्ट के बेड़े से जुड़ी घटनाओं के इतिहास की तरफ ध्यान खींचा है। जनवरी 2020 में इसी मियांवाली बेस के पास एक नियमित मिशन के दौरान एक एफटी-7 ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया था। इससे उसमें सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई थी। उस समय की रिपोर्टों में कहा गया था कि पिछले 18 सालों में कम से कम 14 एफटी-7 एयरक्राफ्ट और उसके वर्जन क्रैश हुए थे। वहीं अगस्त 2017 की एक अन्य घटना में तकनीकी खराबी की रिपोर्ट के बाद मियांवाली के पास एक एफ-7 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें विंग कमांडर मोहम्मद शहजाद की मौत हो गई थी। पाकिस्तान ने हाल के सालों में अन्य बड़ी सैन्य विमानन दुर्घटनाएं भी दर्ज की हैं। इसमें 2020 में इस्लामाबाद में एक रिहर्सल उड़ान के दौरान एक एफ-16 एयरक्राफ्ट का क्रैश होना शामिल है। सिराज/ईएमएस 21मई26