21-May-2026
...


- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 के लिए कटनी तैयार - दृश्यमान स्वच्छता पर विशेष फोकस कटनी (ईएमएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 में उत्कृष्ट रैंकिंग प्राप्त करने के लक्ष्य के साथ नगर निगम कटनी द्वारा परिणाम-केंद्रित स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मूल उद्देश्य शहर केवल साफ हो ही नहीं, बल्कि हर समय साफ दिखाई भी दे है। इसी सोच के साथ दृश्यमान स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग स्वच्छ सर्वेक्षण को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा जिला स्तरीय एवं नगर निगम के अधिकारियों का दल गठित कर रोजाना नगर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर प्राप्त कमियों को सर्वेक्षण के निर्धारित पैरामीटर अनुरूप व्यवस्थित कराने के निर्देश दिये है। निर्देशों के अनुपालन में गठित दल के अधिकारी मैदानी स्तर पर किए जा रहे स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण कर किसी भी प्रकार की विसंगति मिलने पर तत्काल सुधार कराया जा रहा है। “नो गार्बेज, नो स्टेन” की नीति शहर में अब “नो गार्बेज, नो स्टेन” की नीति को सख्ती से लागू किया गया है। कचरे के ढेर, पान-गुटखा के दाग और खुले में गंदगी के प्रति जीरो टॉलरेंस अपनाते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी स्थान गंदगी का केंद्र न बने। नियमित सफाई, धुलाई, नालों की सफाई और जलभराव मुक्त व्यवस्था के साथ बाजारों, पार्कों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही, दीवार चित्रकला, और धूल नियंत्रण उपायों के माध्यम से शहर के सौंदर्यीकरण को भी अभियान का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। घर-घर से कचरा संग्रहण नगर निगम ने घर-घर से कचरा संग्रहण और स्रोत पर ही कचरे के पृथक्करण को पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य तय किया है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गीला, सूखा और घरेलू खतरनाक कचरा अलग-अलग एकत्रित हो तथा किसी भी स्तर पर उनका मिश्रण न हो। वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन के तहत गीले कचरे का कम्पोस्ट / बायोगैस के माध्यम से और सूखे कचरे का MRF/RDF के माध्यम से पूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। Bulk Waste Generators के लिए ऑन-साइट प्रोसेसिंग अनिवार्य की गई है तथा RRR (Reduce-Reuse-Recycle) केन्द्रों को सक्रिय कर सर्कुलर इकॉनमी को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई स्वच्छता के साथ-साथ सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई, जल उपलब्धता और उपयोगिता सुनिश्चित की जा रही है, जबकि खुले में शौच और मूत्र त्याग को पूरी तरह समाप्त करने के लिए विशेष परिवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। STP एवं FSTP के माध्यम से अपशिष्ट जल के उपचार और पुन: उपयोग को भी प्राथमिकता दी जा रही है। जन जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन रणनीति इस अभियान की सफलता के लिए नगर निगम ने व्यापक जनजागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन रणनीति अपनाई है। स्कूलों, वार्डों और बाजारों के माध्यम से नागरिकों को जोड़ते हुए स्वच्छता को एक जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। विशेष रूप से छात्रों के माध्यम से परिवारों तक संदेश पहुंचाकर दीर्घकालिक बदलाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। साथ ही, नागरिक फीडबैक को निर्णायक मानते हुए शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किया गया है, ताकि प्रत्येक शिकायत का त्वरित समाधान हो सके। स्वच्छता हेतु व्यापक स्तर पर प्रयास शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने हेतु व्यापक स्तर पर सुधार के प्रयासों के तहत पान-गुटखा एवं मूत्र के दागों के उन्मूलन के लिए विशेष अभियान, सुबह 10 बजे तक शहर को पूर्णतः साफ रखने की व्यवस्था, कचरा-प्रवण स्थलों का उन्मूलन, मार्गों का सौंदर्यीकरण, पिछली गलियों की गहन सफाई तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की जा रही है, इसके साथ ही, ट्विन-बिन व्यवस्था, RRR गतिविधियां, वार्ड प्रतिस्पर्धा और नागरिक सहभागिता आधारित मॉडल इस अभियान को स्थायी स्वरूप प्रादन करने की कोशिश की जा रही है। वार्ड निरीक्षण एवं समीक्षा स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनजर गहन सफाई अभियान, वार्ड-स्तरीय जवाबदेही, समीक्षा बैठकें और मॉक निरीक्षण सुनिश्चित किए जा जाकर सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के प्रयास भी अनवरत रूप से जारी है। शिकायतों के निराकरण हेतु कंट्रोल रूम स्थापित नागरिकों की सुविधा हेतु नगर निगम द्वारा शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराने के लिए समर्पित कंट्रोल रूम की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। किसी भी प्रकार की सफाई संबंधी समस्या के लिए नागरिक कंट्रोल रूम नंबर 14420 के माध्यम से शिकायत दर्ज कर सकते हैं सभी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। नागरिकों से अपील नगर निगम प्रशासन के कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरे का पृथक्करण करें, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखें और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि कटनी नगर को स्वच्छ सर्वेक्षण में सर्वोच्च स्थान दिलाया जा सके। ईएमएस / 21 मई 26