कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली हैं। जानकारी के अनुसार अलसुबह रिश्तेदारों ने उन्हें घर पर मृत अवस्था में देखा। इस मामले में पुलिस रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान सालिकराम (50) के रूप में की गयी हैं, जो खेती-किसानी का कार्य करते थे। रिश्तेदारों द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार बुधवार रात्रि सभी ने साथ में खाना खाया और अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। गुरुवार सुबह जब वे उठे, तो सालिकराम अपने घर के आंगन में मृत अवस्था में मिले। घबराए परिजन तुरंत उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा ले गए, जहां चिकित्सको ने जांच उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। मेडिकल अस्पताल प्रबंधन ने जिला अस्पताल चौकी पुलिस को मेमो भेजा। पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही, मृतक के रिश्तेदारों के बयान भी दर्ज किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। मृत्यु के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। 21 मई / मित्तल