उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर महानगरपालिका में 20 मई को मानसून पूर्व तैयारियों और आवश्यक उपाय योजनाओं को लेकर आयुक्त कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यक्ष एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे। बैठक में मनपा उपायुक्त विशाखा मोटघरे, डॉ. दिपाली चौगुले, मोहिनी धर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त सचिन कोली, मनपा के सहायक आयुक्त विशाल कदम, गणेश शिंपी, सहायक सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी मनीष हिवरे, सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन अधिकारी यशवंत सगले, कार्यकारी अभियंता (विद्युत) महेंद्र धिंडे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक (मध्यवर्ती पुलिस स्टेशन, उल्हासनगर पुलिस स्टेशन और विट्ठलवाड़ी पुलिस स्टेशन), सहायक अग्निशमन अधिकारी सुरेश बॉम्बे, सहायक पुलिस निरीक्षक, मध्यवर्ती पुलिस स्टेशन संजय मोहिते, पुलिस उप-निरीक्षक, हिललाइन पुलिस स्टेशन अमोल धूमाल समेत अन्य अधिकारी/कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से और वी.सी. के माध्यम से उपस्थित थे। बैठक में आयुक्त मनीषा आव्हाले ने मानसून और संभावित चक्रवात के खतरे को देखते हुए विभिन्न विभागों को सतर्क रहने तथा समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। प्रमुख मुद्दों में 24x7 आपदा नियंत्रण कक्ष की स्थापना, नालों की सफाई, घनकचरा प्रबंधन, सार्वजनिक स्वच्छता, खतरनाक इमारतों की जांच, संक्रामक रोगों की रोकथाम, सड़क एवं पुल मरम्मत, अस्थायी राहत शिविर, बाढ़ संबंधी एसओपी तैयार करना तथा बचाव सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल रहा। इसके अलावा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, खतरनाक पुलों और जलभराव वाले स्थानों का पूर्व निरीक्षण करने तथा खतरनाक पेड़ों और शाखाओं की छंटाई करने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त मनीषा आव्हाले ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तत्काल महापालिका से संपर्क करें। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए। संतोष झा- २१ मई/२०२६/ईएमएस