झाबुआ (ईएमएस) जिले के रानापुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट के आरोपितों को पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया है, और उनके पास से लूटे गए चांदी के जेवरात सहित नकदी भी बरामद कर लिया गया है। लुटेरों द्वारा घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया था, जब नव विवाहित युगल रानापुर हाट बाजार से अपने गांव खेड़ा अंधारवाड़ लौट रहा था। लूट की उक्त घटना और पुलिस द्वारा लुटेरों की गिरफ्तारी के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक दैवेंद्र पाटीदार ने गुरुवार को बताया कि दिनांक आठ मई की शाम के वक्त अर्जुन पुत्र मनिया सिगाड़, उम्र 19 वर्ष, निवासी खेड़ा अधारवाड़, अपनी पत्नी मैना सिंगाड़ के साथ मोटरसाइकिल से राणापुर हाट बाजार से जब अपने गांव खेड़ा अंधारवाड़ लौट रहा था, तभी धोबड़ा नदी की पुलिया के पास, ग्राम सनोड़ चौकी कंजावानी क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उसकी मोटरसाइकिल को गिरा दिया, और उसकी जेब में रखा पर्स, जिसमें ₹250 नगद एवं आधार कार्ड था, उससे छीन लिए। अज्ञात लुटेरों ने उसके हाथ में पहना हुआ चांदी का कड़ा तथा उसकी पत्नी मैना सिंगाड़ के हाथ की चूड़ियां, कमर में पहना कन्दौरा एवं गले में पहनी तागली भी छीन लिए। एसपी ने बताया कि लूटेरे लगभग ₹4 लाख कीमत के चांदी आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर थाना राणापुर में अपराध क्रमांक 250/2025 धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया, और प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना रानापुर पुलिस को आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु सख्त निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह मोहबिया एवं एसडीओपी झाबुआ कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राणापुर निरीक्षक दिनेश रावत द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन कर तहकीकात शुरू कर दी गई, साथ ही पुलिस टीमों द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए घटना स्थल का तकनीकी विश्लेषण किया गया। परिणामस्वरूप लूट के सभी आरोपित पकड़ लिए गए, और पुलिस द्वारा जब आरोपितों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने घटना की स्वीकारोक्ति की। पुलिस द्वारा आरोपितों से फरियादी एवं उसकी पत्नी के लूटे गए चांदी के आभूषण कड़ा, चूड़ियां, कन्दौरा एवं तागली कुल लगभग डेढ़ किलोग्राम वजन के, जिनकी अनुमानित कीमत ₹4 लाख है, बरामद कर लिए गए। पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें एवं एक धारदार फालिया भी जप्त किया गया है। एसपी के अनुसार घटना के आरोपित लुटेरों के नाम हैं, राकेश उर्फ रहेश पुत्र केरम सिंह बामनिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी राठौड़ी तोहलिया फलिया, थाना कट्ठीवाड़ा, अजित पुत्र भीमला गाणावा, उम्र 26 वर्ष, निवासी बड़ी मालपुर बेहड़ा फलिया, थाना चंद्रशेखर आजाद नगर, और मुकेश पुत्र रमन मोहनीय, उम्र 35 वर्ष, निवासी सोतिया जालम, थाना राणापुर है। ईएमएस/ डॉ. उमेश चन्द्र शर्मा/21/5/2026/