21-May-2026
...


धनबाद (ईएमएस)। धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र स्थित बांसजोड़ा बस्ती में बीते बुधवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पत्थरबाजी और गोलीबारी हुई। घटना में दो लोगों को गोली लगी जबकि कई अन्य घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं घटनास्थल से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा गोली और छह क्षतिग्रस्त चारपहिया वाहन जब्त किया हैं।इस संबंध में गुरुवार को ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस को बुधवार दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि बांसजोड़ा बस्ती में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और फायरिंग हो रही है। सूचना मिलते ही लोयाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल पर भारी भीड़ जुटी हुई थी और छह चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हालत में मिले, जिनके शीशे टूटे हुए थे।स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला मारपीट, पत्थरबाजी और गोलीबारी तक पहुंच गया। इस घटना में किशुन रवानी और विष्णु प्रमाणिक को गोली लगी है, जबकि कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एक लाल रंग की कार से ड्राइविंग सीट के नीचे छिपाकर रखा गया एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया। मामले में दोनों पक्षों के आवेदन और पुलिस अधिकारी के बयान के आधार पर लोयाबाद थाना में कुल तीन प्राथमिकी दर्ज की गई है।जिसपर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में रजनी कुमारी, राजेश कुमार महतो, धर्मेंद्र महतो, मेराज अंसारी, अमीत महतो समेत अन्य शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - 21मई/26