21-May-2026
...


दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े एवं पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला खनिज अधिकारी प्रदीप भूरिया, एसडीएम सेवढ़ा अशोक अवस्थी तथा एसडीओपी सेवढ़ा अजय चानना के मार्गदर्शन में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा रतनगढ़ माता मंदिर रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक जांच एवं छापामार कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान तहसीलदार सेवढ़ा राजेन्द्र जाटव, नरेंद्र सिंह राजपूत, थाना प्रभारी अतरेंटा, टीआई इंदरगढ़ गौरव शर्मा, थाना प्रभारी थरेट अरविंद भदौरिया सहित राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। टीम द्वारा संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की गई तथा वाहन मालिकों एवं चालकों से खनिज परिवहन संबंधी शासकीय अनुमति एवं वैध ई-टीपी (इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान कई वाहन चालकों द्वारा खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। अधिकारियों ने पाया कि संबंधित वाहन बिना अनुमति एवं बिना वैध पारपत्र के खनिज का अवैध परिवहन, उत्खनन एवं भंडारण कर रहे थे, जो कि मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के नियम 18, 19 एवं 20 का स्पष्ट उल्लंघन है। प्रशासन द्वारा कार्रवाई करते हुए कई ट्राले एवं डंपर वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को नियमानुसार अभिरक्षा में सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि संबंधित वाहन केवल कलेक्टर न्यायालय अथवा जिला खनिज अधिकारी दतिया के लिखित वाहन मुक्ति आदेश के पश्चात ही छोड़े जाएंगे। अभियान के दौरान प्रशासन की टीम ने ग्राम इंदरगढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्यवाही करते हुए लगभग 1500 घ०मी० अवैध रेत डंप जप्त किए। बाद में इन अवैध रेत भंडारों को नष्ट करने की कार्रवाई भी की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध खनिज कारोबार, रेत माफियाओं एवं नियम विरुद्ध परिवहन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वाले तथा प्राकृतिक संसाधनों का अवैध दोहन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान सतत रूप से जारी रहेगा और भविष्य में भी इसी प्रकार की कड़ी कार्यवाही की जाएगी।