चंडीगढ़,(ईएमएस)। चंडीगढ़ के कई प्रतिष्ठित स्कूलों में गुरुवार सुबह तब हड़कंप मच गया जब उन्हें बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और प्रभावित परिसरों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। एहतियाती तौर पर स्कूलों को खाली कराया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित कई अभिभावक दफ्तरों और घरों से स्कूलों की ओर दौड़ पड़े, इससे आसपास के इलाकों में यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई। स्थानीय पुलिस थानों की टीमें, तोड़फोड़-रोधी और बम निरोधक दस्तों के साथ, तुरंत स्कूलों के परिसरों में पहुंचीं। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा घंटों चले गहन तलाशी अभियान के बाद स्कूलों से कोई भी संदिग्ध वस्तु या बम बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने पुष्टि की कि यह धमकी भी पिछली बार की तरह झूठी निकली। गौरतलब है कि पिछले पांच महीनों में चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की ऐसी झूठी धमकियां मिलने का यह पांचवां मामला है। इससे पहले भी शहर और पंजाब-हरियाणा के कई अन्य संस्थानों को ऐसी ही धमकियां मिली थीं, जो सभी निराधार साबित हुई थीं। आशीष दुबे / 21 मई 2026