:: इंफ्रास्ट्रक्चर और हाउसिंग सेक्टर में बढ़ती मांग को देखते हुए लिया निर्णय; रंगीन शीट्स की क्षमता 15% और डीलर नेटवर्क पांच फीसदी बढ़ेगा :: इंदौर (ईएमएस)। प्रदेश के बुनियादी ढांचा (इंफ्रास्ट्रक्चर) और आवास क्षेत्र में आ रहे उछाल को भुनाने के लिए देश की अग्रणी स्टील निर्माता कंपनी कामधेनु लिमिटेड ने मध्य प्रदेश में बड़ा निवेश और विस्तार करने की घोषणा की है। कंपनी आगामी एक वर्ष के भीतर राज्य में अपने लोकप्रिय ब्रांड कामधेनु कलर मैक्स शीट की विनिर्माण क्षमता में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी करेगी। उत्पाद की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कंपनी अपने डीलर व वितरक (डिस्ट्रीब्यूटर) नेटवर्क को भी पांच प्रतिशत तक विस्तार देगी। गुरुवार को व्यापारिक रणनीतियों की घोषणा करते हुए कामधेनु लिमिटेड के निदेशक सुनील अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में निरंतर आर्थिक विकास हो रहा है। इसके चलते सरकारी और गैर-सरकारी, दोनों ही तरह की बड़ी परियोजनाओं में प्रीमियम स्टील उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ी है। इसी बढ़ती मांग और बाजार में अपनी उपस्थिति को पुनः सशक्त करने के उद्देश्य से उत्पादन क्षमता बढ़ाने का रणनीतिक निर्णय लिया गया है। :: पर्यावरण अनुकूल है उत्पाद :: अग्रवाल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार यह प्री-पेंटेड शीट आवासीय और औद्योगिक परियोजनाओं में रूफिंग (छत) और क्लैडिंग के लिए आधुनिक व आकर्षक समाधान देती है। यह हल्की और जंग-रोधी होने के साथ-साथ थर्मल इन्सुलेटिंग प्रभाव से युक्त है, जो गर्मियों में अंदरूनी हिस्से को ठंडा और सर्दियों में गर्म रखती है। यह पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल उत्पाद है, जो ग्रीन बिल्डिंग की अवधारणा को बढ़ावा देते हुए कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में सहायक है। प्रकाश/21 मई 2026