लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने जन भवन से जारी दो अलग-अलग आधिकारिक आदेशों के माध्यम से प्रदेश के दो राज्य विश्वविद्यालयों में नए कुलपतियों की नियुक्ति की घोषणा की है। जारी आदेश के अनुसार, प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), गोरखपुर का कुलपति नियुक्त किया गया है। राज्यपाल ने मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2013 की धारा-11 के अंतर्गत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्ति की है। प्रो. शर्मा वर्तमान में पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ स्थित डॉ. एसएसबी यूनिवर्सिटी ऑफ केमिकल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में अध्यक्ष एवं निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है। वहीं दूसरे आदेश में राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-12 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ला को जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू), बलिया का कुलपति नियुक्त किया है। प्रो. शुक्ला इलाहाबाद विश्वविद्यालय में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग में प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। उनकी नियुक्ति भी कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है। प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ला विश्वविद्यालय प्रशासन और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े वरिष्ठ शिक्षाविद माने जाते हैं। वे इलाहाबाद विश्वविद्यालय में कुलसचिव के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उच्च शिक्षा और प्रशासनिक अनुभव के चलते उनकी नियुक्ति को विश्वविद्यालय के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जितेन्द्र 21 मई 2026