क्षेत्रीय
21-May-2026
...


मण्डला (ईएमएस)। आधुनिक भारत के स्वप्नदृष्टा, देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं “भारत रत्न” स्वर्गीय Rajiv Gandhi के बलिदान दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी मंडला द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, महिला कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर राजीव गांधी जी के योगदान को याद किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी मंडला के अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले ने कहा कि राजीव गांधी जी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व, आधुनिक सोच और विकासवादी दृष्टिकोण से देश को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी जी ने युवाओं की शक्ति को पहचाना और उन्हें लोकतंत्र से जोड़ने के लिए 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। इसके साथ ही उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने, ग्रामीण विकास को गति देने तथा सूचना एवं तकनीकी क्रांति की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. मर्सकोले ने कहा कि राजीव गांधी जी का सपना आधुनिक, मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का था। उन्होंने शिक्षा, संचार और तकनीक के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल कर देश को 21वीं सदी की ओर अग्रसर किया। युवाओं के सपनों और आकांक्षाओं को समझने वाले राजीव गांधी जी का योगदान सदैव देशवासियों के दिलों में जीवित रहेगा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को भारत हमेशा श्रद्धा एवं सम्मान के साथ याद करेगा। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण के विषय पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी जी ने सबसे पहले महिलाओं को राजनीतिक आरक्षण देने की बात उठाई थी तथा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए अनेक प्रयास किए। इसी क्रम में उनके शहादत दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी मंडला में सभी महिला पदाधिकारियों एवं मातृ शक्तियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ कांग्रेसी श्रीमती राधा गुप्ता, श्रीमती शकुन जंघेला, श्रीमती रागिनी परते, रजनीश रंजन उसराठे, अभिनव चौरसिया, अखिलेश सिंह ठाकुर, रेशमा अल्वी, डॉ. भारती तिलगाम, सोम्या परते, दादा क्षत्री, जावेद कुरैशी, सौरभ साहू, मीडिया प्रभारी विवेक दुबे सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने स्वर्गीय राजीव गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर देश और समाज की सेवा करने का संकल्प लिया। ईएमएस / 21/05/2026