क्षेत्रीय
21-May-2026
...


मण्डला (ईएमएस)। मंडला जिले में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक तापमान रहा। गुरुवार को भी दोपहर 1 बजे तक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक जिले में तेज गर्मी और लू चलने की संभावना जताई है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और लोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। 20 मई को 45.6 डिग्री, 19 मई को 44.6 डिग्री, 18 मई को 44.0 डिग्री, 17 मई को 42.4 डिग्री, 16 मई को 42.0 डिग्री, 15 मई को 40.9 डिग्री, 14 मई को 42.6 डिग्री और 13 मई को 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। लगातार उच्च तापमान और गर्म हवाओं के कारण आमजन परेशान हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर दोपहर के समय लोगों की आवाजाही में कमी आई है। तेज धूप और लू के थपेड़ों से बचने के लिए लोग घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और लू से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी है। ईएमएस / 21/05/2026