क्षेत्रीय
21-May-2026
...


- सप्त सागर नौ नारायण यात्रा बन रही श्रद्धालुओं की पहली पसंद देवास (ईएमएस)। श्री सनातन सामाजिक रक्षा मंच द्वारा संचालित सप्त सागर नौ नारायण यात्रा इन दिनों श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। परम पूज्य पंडित श्री संदीप शास्त्री जी के मार्गदर्शन एवं उनकी कुशल टीम के संचालन में यह यात्रा निरंतर सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। संस्था अध्यक्ष कुंवर महेंद्र राजपूत जी की गरिमामयी देखरेख में श्रद्धालुओं को सुख-सुविधाओं सहित दिव्य आध्यात्मिक अनुभव प्रदान किया जा रहा है। प्रतिदिन देवास से श्रद्धालुओं को लेकर टवेरा वाहन पूर्ण सुविधा एवं सुरक्षा के साथ उज्जैन धाम के लिए रवाना होते हैं। यात्रा के दौरान भक्तगण सप्त सागर एवं नौ नारायण के पावन दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं तथा शाम को आनंद और आत्मिक संतोष के साथ अपने घर लौटते हैं। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से वे लगातार पंडित श्री संदीप शास्त्री जी के साथ इस पावन यात्रा का हिस्सा बन रहे हैं। उनके अनुसार यह यात्रा न केवल आत्मिक शांति प्रदान करती है, बल्कि बाबा महाकाल की कृपा से अनेक भक्तों की मनोकामनाएं भी पूर्ण हुई हैं। श्रद्धालुओं ने संस्था एवं पंडित जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे धर्म और सेवा का अद्भुत संगम बताया। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) के पावन अवसर पर इस यात्रा का विशेष महत्व है।