क्षेत्रीय
21-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। जीवन में मिली उन्नति और प्रगति परमात्मा का विशेष आशीर्वाद होती है। जिन पर कृपा श्री सांवरिया सेठ करते हैं उन पर सबकी कृपा होती है। व्यक्ति को जब पद मिले तो उसे मद (अहंकार) नहीं होना चाहिए। भगवान अहंकारी का नाश कर देते हैं और सरल भक्तों पर कृपा बरसाते हैं। उक्त आशीर्वचन 1008 महंत अनुजदास महाराज ने सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिवस उपस्थितजनों को प्रदान किए। श्री नित्येश्वर महादेव भागवत कथा समिति एवं सूर्या ग्रुप द्वारा आयोजित सात दिवसीय इस धार्मिक कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को भगवान श्रीकृष्ण एवं रुक्मिणी विवाह महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर महंत ने कहा कि प्रभु श्रीनारायण ने प्रत्येक युग में अवतार लेकर माता लक्ष्मी के अवतार का ही वरण किया है, इसलिए श्री कृष्ण अवतार में भी प्रभु ने अपनी समस्त लीलाओं को पूर्ण करने के साथ लक्ष्मी स्वरूपा देवी रुक्मणी से विवाह करके अपने संकल्प को पूर्ण किया। शिशुपाल के अहंकार का नाश करके सांवरिया सेठ ने श्री रूक्मणी के साथ विवाह किया। इस दौरान श्री कृष्ण एवं रुक्मणी बने पात्रों ने विवाह उत्सव की झांकी का जीवंत चित्रण किया। श्रीकृष्ण का किरदार प्रियांशी जैन ने निभाया, वहीं सलोनी वर्मा रुक्मिणी बनी। विवाहोत्सव में जोरदार आतिशबाजी के साथ उपस्थित सैकड़ों भक्तजनों ने झूमते-नाचते हुए विवाह उत्सव का आनंद लिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं नगरवासी उपस्थित रहे। विभिन्न संगठनों ने महंत का किया स्वागत कथा के छठवें दिवस गुरुवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं राजनेताओं ने महंत अनुजदास महाराज का भव्य नागरिक अभिनंदन किया। इस मौके पर हिंदू जागरण मंच की टोली, गवली समाज, सेन समाज, जय शिव कावड़ यात्री संघ, श्रीराम मंदिर निर्माण समिति शरद नगर तथा अंकुर प्रगतिशील महिला केन्द्र सहित नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, उपाध्यक्ष पंडित संतोष जोशी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष किरणसिंह ठाकुर, जनपद पंचायत अध्यक्ष शरद शिवहरे, सभापति भुवनेश्वरी सतीश राठौर, कौशल कसेरा, पार्षद अजय चंदेल सहित विभिन्न संगठनों ने शाल-श्रीफल भेंटकर तथा साफा व पुष्प मालाएं पहनाकर महंत का आत्मीय अभिनंदन किया।