भोपाल(ईएमएस)। गाँधी नगर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने फर्जी दस्तावेज दिखाकर जमीन बेचने का एग्रीमेंट कर एंडवास के रुप में मोटी रकम लेकर हड़प ली थी। थाना प्रभारी गाँधी नगर निरीक्षक विजेन्द्र मर्सकोले ने जानकारी देते हुए बताया की फरियादिया शहनाज़ और फहद सिद्दीकी ने लिखित शिकायती आवेदन देते हुए बताया था की आरोपी वैभव बब्बर द्वारा जाली दस्तावेज दिखाकर थाना गाँधी नगर क्षेत्र अंतर्गत एयरोसिटी के जी-सेक्टर मे प्लाट्स के एग्रीमेंट कर बैंक के माध्यम से और नगद रकम लेकर उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। दोनो आवेदनो की जॉच के बाद पुलिस ने बीती 12 जनवरी 20 को आरोपी वैभव बब्बर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओ में मामला कायम किया था। दस्तावेजो की जॉच के बाद पुलिस ने बीते मंगलवार को आरोपी वैभव बब्बर पिता सुरेन्द्र बब्बर (39) वर्तमान निवासी डीके-5 दानिश कुँज कोलार रोड़ को गिरफ्तार कर लिया। जाली दस्तावेजो के संबध में आगे की पूछताछ के लिये पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेते हुए फरियादियो से हड़पी रकम सहित अन्य प्रॉपर्टी संबंधी किये गये निवेश के दस्तावेजो को जप्त किया है। पुलिस ने बताया की गिरफ्तार आरोपी वैभव बब्बर के खिलाफ पूर्व मे थाना अवधपुरी मे भी इसी तरह की गई जालसाजी का प्रकरण दर्ज हुआ था। साथ ही उसके खिलाफ अदालत में कई चेक बाउंस के प्रकरण भी चल रहे है। जुनेद / 21 मई