क्षेत्रीय
21-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। स्थानीय काशी नगर क्षेत्र में बुधवार रात करीब 10.30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां मुख्य मार्ग पर स्थित एक विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक चिंगारियां उठने के बाद भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा ट्रांसफार्मर लपटों से घिर गया। मुख्य मार्ग पर आग की ऊंची लपटें देखकर इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाई और तुरंत बिजली कंपनी को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग ने बिना देरी किए क्षेत्र की विद्युत सप्लाई बंद कर दी, जिससे आग को और फैलने से रोका जा सका और बाद में आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि समय रहते बिजली काट दी गई, अन्यथा कोई गंभीर हादसा हो सकता था। आग बुझने के तुरंत बाद विद्युत कंपनी के कर्मचारी सुधार कार्य में जुट गए। क्षेत्रीय रहवासियों ने बताया कि इस मुख्य ट्रांसफार्मर पर क्षमता से कई गुना अधिक लोड है। ओवरलोडिंग के कारण ही आए दिन स्पार्किंग और आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। गौरतलब है कि शहर में यह कोई पहला मामला नहीं है, इसी सप्ताह सोमवार को विजयनगर क्षेत्र में भी डीपी जलने का मामला सामने आया था।