क्षेत्रीय
21-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते गुरुवार सुबह उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। गैस टंकी न मिलने से आक्रोशित लोगों ने गैस गोदाम रोड स्थित एजेंसी के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। हंगामा और स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन को तुरंत दखल देना पड़ा, जिसके बाद एसडीएम मनीषा वास्कले और नायब तहसीलदार गौरव पोरवाल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। उपभोक्ताओं ने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए बताया कि वे पिछले दो-तीन दिनों से गैस टंकी के लिए एजेंसी और गोदाम के चक्कर काट रहे हैं। सुबह से लोग दो-दो घंटे तक लंबी कतारों में खड़े रहे, इसके बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। उपभोक्ता ने बताया कि वह पहले डेढ़ घंटे तक हाट मैदान में लाइन में लगा रहा, लेकिन वहां सिलेंडर नहीं मिला। इसके बाद जब वह गैस गोदाम पहुंचा, तो वहां भी टंकी उपलब्ध नहीं थी। प्रदर्शन के दौरान गुस्साए उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी संचालकों पर कालाबाजारी (ब्लैक में सिलेंडर बेचने) के गंभीर आरोप लगाए। लोगों का कहना था कि आम जनता कई दिनों से गैस के लिए दर-दर भटक रही है और अपना समय बर्बाद कर रही है, जबकि सिलेंडरों को गुपचुप तरीके से ब्लैक में बेचा जा रहा है। उपभोक्ताओं ने इस पूरी बदहाली के लिए प्रशासन और एजेंसी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। हंगामे की सूचना मिलते ही पहुंचीं एसडीएम मनीषा वास्कले ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि पीछे से गैस सिलेंडरों का नया लोड नहीं आ पाने के कारण यह किल्लत उत्पन्न हुई, जिससे अचानक भीड़ बढ़ गई। हालांकि, लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने आश्वासन दिया है कि गैस एजेंसी संचालकों को कार्यालय तलब किया गया है। प्रशासन द्वारा पूरी वितरण व्यवस्था और ब्लैक मार्केटिंग के आरोपों की विस्तृत जांच की जाएगी, ताकि आम जनता को हो रही इस परेशानी का जल्द समाधान निकाला जा सके।