जबलपुर, (ईएमएस)। गंभीर जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित शहडोल जिले की 8 दिन की नवजात बालिका आयुषी रुक्मणी दहिया को बेहतर उपचार के लिए गुरुवार शाम एयर एम्बुलेंस के जरिए मुंबई भेजा गया। जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग और आरबीएसके टीम ने समन्वय स्थापित कर बालिका को सुरक्षित रूप से मुंबई स्थित नारायणा हॉस्पिटल पहुंचाने की व्यवस्था की। जानकारी के अनुसार बालिका के परिजनों ने जबलपुर आरबीएसके प्रबंधक सुभाष शुक्ला से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद मेडिकल कॉलेज जबलपुर के पीडियाट्रिक हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप जैन से समन्वय कर बच्ची की स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही शहडोल जिले की आरबीएसके प्रबंधक श्रीमती कंचन पटेल और मुंबई के नारायणा हॉस्पिटल से संपर्क कर उपचार संबंधी सभी औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम रही सक्रिय …. मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना और पीएमजेएवाई के अंतर्गत आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद 21 मई शाम 4 बजे एयर एम्बुलेंस के माध्यम से बालिका को मुंबई एयरलिफ्ट किया गया। एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही और परिजनों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीता उप्पल, डीईआईएम सुभाष शुक्ला, सुश्री श्रीया अवस्थी, विकास श्रीवास्तव तथा आरबीएसके टीम से धवल त्रिवेदी उपस्थित रहे। बालिका के परिजनों ने समय पर मदद और समन्वय के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं आरबीएसके टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। सुनील साहू / शहबाज / 21 मई 2026 / 09.00