जबलपुर, (ईएमएस)। जाकिर हुसैन वार्ड क्रमांक 40 की पार्षद श्रीमती मुकिमा याकूब अंसारी की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल तीसरे दिन समाप्त हो गई। वार्ड में साफ-सफाई, पेयजल और विकास कार्यों की मांगों को लेकर दमोहनाका स्थित नगर निगम जोन क्रमांक 14 कार्यालय परिसर में यह आंदोलन जारी था। पूर्व क्षेत्र विधायक लखन घनघोरिया, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा तथा कांग्रेस पार्षद दल की मौजूदगी में जूस पिलाकर हड़ताल समाप्त कराई गई। बैठक में निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच वार्ड की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। निगम प्रशासन ने गोहलपुर में सामुदायिक भवन, शासकीय उर्दू शाला निर्माण, दारुल उलूम से चार खंभा तक सड़क व नाला निर्माण, तीन नए बोरवेल तथा दारुल उलूम से मोमिनपुरा तलैया तक नर्मदा पाइपलाइन बिछाने सहित कई मांगों पर सहमति जताई। राज्य शासन से जुड़ी मांगों को भी शासन स्तर पर भेजकर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया। सुनील साहू / शहबाज / 21 मई 2026 / 09.00