- महापौर ने बांटे गिफ्ट वाउचर और प्रशस्ति पत्र जबलपुर, (ईएमएस)। मानस भवन में आयोजित तृतीय पुलिस सम्मान समारोह में शहर के विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया गया। माँ नर्मदा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू उपस्थित रहे। समारोह में कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनसुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम सीमा के विभिन्न थानों से चयनित 52 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और पांच-पांच हजार रुपये के गिफ्ट वाउचर प्रदान किए गए। सम्मान पाकर पुलिसकर्मियों ने आयोजकों के प्रति आभार जताया। महापौर ने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं और उनका सम्मान समाज का दायित्व है। समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी... कार्यक्रम को सफल बनाने में एम.आई.सी. सदस्य श्रीमती रजनी कैलाश 3, श्रीमती अंशुल राघवेंद्र यादव पार्षद श्रीमती अंजना मनीष अग्रहरि और माँ नर्मदा वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही। इस दौरान प्रमुख रूप से महेश, बृजेन्द्र मेवारी, वीरेन्द्र यादव, सूर्यकांत शर्मा, ऋषि अग्रवाल और मंजूशा श्रीवास्तव सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में पुलिस प्रशासन के कार्यों की सराहना की और इस तरह के आयोजनों को पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी बताया। सुनील साहू / शहबाज / 21 मई 2026 / 09.00