21-May-2026
...


:: इंदौर के स्टार्टअप इकोसिस्टम और देश के सस्ते इंटरनेट को ब्रिक्स देशों ने माना बड़ी ताकत :: इंदौर (ईएमएस)। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय ब्रिक्स युवा उद्यमिता कार्य समूह की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को संपन्न हो गई। 20 और 21 मई को आयोजित इस बैठक के अंतिम दिन ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधि, युवा उद्यमी और नीति विशेषज्ञ संरचित संवाद, अनुभव साझाकरण और सहयोगात्मक आदान-प्रदान के उद्देश्य से एकजुट हुए। दूसरे दिन के विशेष सत्रों का आयोजन शहर के क्रिस्टल आईटी पार्क में हुआ, जिसके बाद पूरे प्रतिनिधिमंडल ने पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र का व्यापक भ्रमण किया। :: डेटा सेंटर और एआई क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर मंथन रूरू क्रिस्टल आईटी पार्क में आयोजित सत्र के दौरान मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) के कार्यकारी निदेशक हिमांशु प्रजापति, विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) कमिश्नर अभिषेक शर्मा, ब्रिक्स प्रतिनिधिमंडल तथा शीर्ष आईटी कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान उभरते कार्य क्षेत्रों, बड़ी कंपनियों के साथ काम करते समय आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों तथा तेजी से बदलती तकनीकों के अनुरूप खुद को निरंतर अपडेट रखने के महत्व पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में विशेष रूप से इंदौर के तेजी से विकसित होते स्टार्टअप इकोसिस्टम, डेटा सेंटर एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे भविष्य के क्षेत्रों में ब्रिक्स देशों के बीच आपसी सहयोग की संभावनाओं को तलाशा गया। इसके साथ ही, भारत में सस्ते इंटरनेट की उपलब्धता को स्टार्टअप्स और डिजिटल नवाचार के लिए एक बड़ी वैश्विक ताकत के रूप में रेखांकित किया गया। :: पीथमपुर में देखा विनिर्माण क्षमता का प्रत्यक्ष रूप :: सत्र के बाद ब्रिक्स प्रतिनिधिमंडल ने मध्य भारत के सबसे महत्वपूर्ण विनिर्माण क्लस्टर्स में से एक पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया। प्रतिनिधियों ने यहाँ स्थापित ऑटोमोबाइल सहायक उद्योग, फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग तथा फूड प्रोसेसिंग जैसे प्रमुख उद्योगों की कार्यप्रणाली को बेहद करीब से देखा। इस औद्योगिक भ्रमण ने विदेशी प्रतिनिधियों को भारत की मजबूत विनिर्माण क्षमता और औद्योगिक गहराई का प्रत्यक्ष अनुभव कराया। इसके साथ ही ब्रिक्स देशों के बीच औद्योगिक सहयोग, सप्लाई चेन एकीकरण और तकनीकी साझेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा को आगे बढ़ाया।