21-May-2026
...


:: मूंदी बस स्टैंड पर उमड़ा जनसैलाब : सरकार को तीन महीने का अल्टीमेटम, मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की चेतावनी :: इंदौर/खंडवा (ईएमएस)। मांधाता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खंडवा-मूंदी मार्ग की बदहाल स्थिति और किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को प्रदेश किसान कांग्रेस के बैनर तले मूंदी बस स्टैंड पर एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ ही स्थानीय किसानों और आम नागरिकों ने हिस्सा लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। आंदोलन का नेतृत्व किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री गजेंद्र सिंह सोलंकी बड़नगर ने किया। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम तहसीलदार वंदना चौहान को ज्ञापन सौंपकर तीन महीने के भीतर सड़क निर्माण शुरू न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई। :: पांच साल से बदहाल है 32 किलोमीटर का मार्ग :: कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मूंदी से खंडवा तक का लगभग 32 किलोमीटर लंबा मार्ग पिछले पांच वर्षों से अत्यंत जर्जर हालत में है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। इसके बावजूद शासन-प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या को लेकर मूकदर्शक बने हुए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि तय समय-सीमा में सड़क का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हुआ, तो मूंदी से खंडवा तक पैदल मार्च निकाला जाएगा और खंडवा कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। :: दो विधायक और सांसद होने के बाद भी दुर्दशा :: आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश किसान कांग्रेस महासचिव गजेंद्र सिंह सोलंकी ने भाजपा सरकार पर किसानों की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में दो-दो विधायक और एक सांसद होने के बावजूद इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण न होना सरकार की घोर विफलता को दर्शाता है। सोलंकी ने किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज अन्नदाता फसल तुलाई और समर्थन मूल्य जैसी समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने गेहूं तुलाई में गड़बड़ी और बारदानों के माध्यम से अधिक वजन लेने के गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। सोलंकी ने साफ कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो मुख्यमंत्री के मूंदी आगमन पर उन्हें काले झंडे दिखाए जाएंगे। :: डरना बंद करो, तभी डरेगी सरकार : चौहान धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए इंदिरा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर चौहान ने किसानों से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब तक किसान डरते रहेंगे, तब तक यह सरकार उन्हें डराती रहेगी। अब समय आ गया है कि जनता और किसान अपने हक के लिए सड़क पर उतरकर आवाज बुलंद करें। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य जीतेंद्र सिंह, सोनू गुर्जर, नारायण सिंह तोमर, रिछफल रंधीर, रज्जाक खान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सेतान सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन व आभार प्रदर्शन आसाराम पटेल ने किया।