-आईएमडी ने अगले सात दिनों तक हीटवेव के चलते ओरेंज अलर्ट किया जारी नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली-एनसीआर में 14 साल बाद गुरुवार रात सबसे गर्म रही। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिनभर आसमान साफ रहेगा, जिससे तेज धूप और गर्म हवाओं का असर और बढ़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 27 मई 2012 के बाद 21 मई की रात सबसे ज्यादा गर्म रहा। दिल्ली एनसीआर के लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ी। आईएमडी ने दिल्ली और एनसीआर में अगले सात दिनों तक हीटवेव के चलते ओरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक कुछ स्थानों पर रात के समय गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और ‘वॉर्म नाइट कंडीशन’ यानी गर्म रात जैसी हालात देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि साफ आसमान और लगातार चल रही गर्म हवाओं से तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रहेगा। फिलहाल दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं। अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास जा सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी सलाह का पालन करने की जरूरत है। रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। लोग जब सोकर उठे तो धूप तेज थी। इस वजह से सुबह से गर्मी का अहसास होना शुरू हो गया। लोग परेशान नजर आए। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के मुताबिक दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचना चाहिए। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा बाहर निकलते समय सिर और चेहरे को ढककर रखें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि हीटवेव का असर उनके स्वास्थ्य पर ज्यादा पड़ सकता है। सिराज/ईएमएस 22मई26