गया, (ईएमएस)। बिहार के गया में केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर पुलिस ने राजेश राव उर्फ सरदार नामक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें आरोपी कथित तौर पर केंद्रीय मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए जान से मारने की धमकी देता नजर आया। वीडियो में जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि नियमित सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान साइबर थाना पुलिस की नजर इस वीडियो पर पड़ी। तकनीकी जांच के बाद आरोपी की फेसबुक प्रोफाइल की पहचान राजेश राव उर्फ सरदार के रूप में की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साइबर थाने में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस वीडियो से जुड़े सोशल मीडिया गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। संतोष झा- २२ मई/२०२६/ईएमएस