फिरोजाबाद,(ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात भीषण सड़क हादसा हो गया। कानपुर से दिल्ली-गुरुग्राम जा रही एक डबल डेकर बस की ट्रक से टक्कर के बाद उसमें आग लग गई, जिससे बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में कम से कम 15 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल शिकोहाबाद के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 10 यात्रियों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि पांच यात्रियों को मामूली चोटें थीं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। हादसा इतना भीषण था कि आग की लपटों में घिरी बस को देखकर मौजूद लोगों की रूह कांप गई। मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। एक महिला यात्री ने बताया कि मुझे रात में नींद आ गई थी और मेरी आंख सीधे अस्पताल में आकर खुली है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे प्राधिकरण ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घायल कंडक्टर ने आरोप लगाया कि एक्सप्रेस-वे पर डंपर खड़ा था। ड्राइवर को डंपर दिखाई नहीं दिया और हादसा हो गया। आग लगने से मैं झुलस गया। बस से कूदते समय मुझे चोट भी आ गई। घायलों में कानपुर और कानपुर देहात, उन्नाव और जालौन के रहने वाले लोग शामिल हैं। घायल नीलम (20), सत्यम (35), शांति देवी (45) और उनका बेटा सत्यभान (16) औरैया निवासी हैं। वहीं, मुकेश कुमार (40), आस्था (23), माया देवी (62), वेद (12) और मन्नत (9) कानपुर के निवासी हैं, जबकि रंगोली देवी (30) और शिवम (23) कानपुर देहात के रहने वाले हैं। कंडक्टर सुंदरलाल (40) जालौन, पूजा (35) उन्नाव और पप्पू (25) फतेहपुर के निवासी हैं। 13 घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। आशीष दुबे / 22 मई 2026