राष्ट्रीय
22-May-2026


देहरादून,(ईएमएस)। हल्द्वानी के चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी को ऊधमसिंहनगर एसआईटी ने जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। करीब 20 लोगों से 10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के मामले में आरोपित को काठगोदाम थाने में हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देश पर गठित एसआईटी ने देर रात कार्रवाई कर आरोपित धनंजय को हिरासत में लिया। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, धनंजय और उसके सहयोगियों ने लोगों को जमीन दिलाने, प्लॉट बेचने और निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए है। कई मामलों में जमीन का बैनामा न कर एडवांस रकम हड़प ली गई, जबकि कुछ मामलों में एक ही जमीन को कई लोगों को दिखाकर सौदे करने के गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। बीते कुछ महीनों से करीब 20 लोग एसआईटी के समक्ष शिकायत दर्ज करा चुके थे। पुलिस मुख्यालय स्तर पर मामले की गंभीरता को देखकर एसआईटी का गठन हुआ था, जो कई महीनों से जांच में जुटी थी। जांच के दौरान आरोपित के बैंक लेनदेन, संपत्तियों और संबंधित दस्तावेजों की गहन पड़ताल की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद टीम ने धनंजय गिरी को गिरफ्तार किया। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। उल्लेखनीय है कि धनंजय गिरी का नाम पहले भी शहर में विवादित जमीन सौदों और आर्थिक लेनदेन को लेकर चर्चा में रहा है। कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि वह जल्द ही इस मामले में विस्तृत जानकारी साझा करेंगी। आशीष दुबे / 22 मई 2026