राज्य
22-May-2026
...


स्लॉट बुकिंग व उपार्जन से परेशान किसान कलेक्टर कार्यालय में भर देंगे गेहूं जबलपुर, (ईएमएस)। ​भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में सैकड़ों गांवों के किसान गेहूं उपार्जन में व्याप्त अव्यवस्थाओं और बदहाली के खिलाफ किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय के समीप स्थित घंटाघर पहुंचकर अपना रोष व्यक्त करते हुए दो घंटे तक जबरदस्त प्रदर्शन किया। 45 डिग्री के तापमान में किसानों के गुस्से का पारा चढ़ा दिखा और उन्होंने सरकार व प्रशासन को स्लॉट बुकिंग न होने, खरीदी केंद्रों पर वारदाने की कमी, पानी व छाया का इंतजाम न होने जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर जमकर कोसा। प्रांत महामंत्री प्रहलाद सिंह पटेल व अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल ने प्रशासन व सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि उपार्जन अव्यवस्था के चलते यदि जिले के चौदह हजार किसान स्लॉट बुकिंग व उपार्जन से वंचित होते हैं तो सभी किसान कलेक्टर कार्यालय लाकर अपना गेहूं भर देंगे और अपने परिवार सहित अपना डेरा भी वहीं रख देंगे। मुख्यमंत्री के नाम डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह को सौंपे ज्ञापन में किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की गेहूं उपार्जन संबंधी बाधाओं को जल्द दूर नहीं किया गया, तो किसान उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ​ये हैं किसानों की प्रमुख मांगे, महाकौशल प्रांत के 24 जिलों के लगभग 1,18,400 किसान सर्वर की खराबी के कारण अपने स्लॉट बुक नहीं कर पाए हैं। इसलिए स्लॉट बुकिंग तत्काल प्रारंभ हो। केंद्रों से गेहूं का शीघ्र परिवहन कर तत्काल भुगतान प्रक्रिया में गति लाई जाए। उपार्जन केंद्रों पर पेयजल, किसानों के बैठने के लिए छाया की व बारदानों की भारी पर्याप्त व्यवस्था की जाए। सर्वर की खामियां दूर कर पंजीकृत सभी किसानों की स्लॉट बुकिंग सुनिश्चित की जाए। उपार्जन केंद्रों पर व्यापारियों की घुसपैठ बंद हो, दोषी अधिकारियों को दंडित किया जाए और संबंधित व्यापारियों पर एफआईआर दर्ज हो। ​आगामी खरीफ फसलों के लिए डीएपी खाद और अन्य उर्वरकों की उपलब्धता अभी से सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर की सलाह से भड़के किसान.......... उपार्जन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर द्वारा किसानों को मंडी में फसल बेचने की सलाह देने से किसान खासे नाराज दिखे। जिलाध्यक्ष रामदास पटेल व जिला मंत्री धनंजय पटेल ने बताया कि प्रशासन व्यवस्थाएं बनाने में नाकाम साबित हुआ है। जिसके कारण मंडियों में जाने की सलाह दे रहा है। जहाँ समर्थन मूल्य और बाजार भाव में 300 से 400 रुपये प्रति क्विंटल का बड़ा अंतर है, जिससे किसानों को सीधा आर्थिक नुकसान हो रहा है। ​ये रहे उपस्थित........... भारतीय किसान संघ के धरना प्रदर्शन में सैकड़ों गांवों के किसानों के साथ भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल, प्रांत महामंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, प्रांत उपाध्यक्ष मोहन तिवारी, संभाग उपाध्यक्ष व विद्युत नियामक आयोग के सदस्य दामोदर पटेल, प्रांत मंत्री आलोक पटेल, जिलाध्यक्ष रामदास पटेल, जिला मंत्री धनंजय सिंह पटेल, जिला प्रचार प्रमुख भरत पटेल, पाटन तहसील अध्यक्ष मुकुल पचौरी, मंझोली तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र पटेल, शहपुरा तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, पनागर तहसील अध्यक्ष जितेंद्र पटेल, अटल पटेल, प्रेमचंद कुर्मी, धरम पटेल, रीतेश पचौरी सहित जिले भर के किसान उपस्थिति रहे। सुनील साहू / मोनिका / 22 मई 2026 / 06.33