:: संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने की समीक्षा; नए भवन की बाधाएं दूर करने और विद्यार्थियों के लिए नवीन छात्रावास निर्माण के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। शासकीय स्वशासी अष्टांग आयुर्वेद महाविद्यालय (लोकमान्य नगर) की प्रबंधकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में संभागायुक्त कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में महाविद्यालय और चिकित्सालय के सुदृढ़ीकरण तथा शैक्षणिक स्तर को और अधिक उन्नत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने निर्देश दिए कि संस्थान में नए सत्र से तीन प्रमुख विषयों— क्रिया शरीर, रचना शरीर और शालाक्य तंत्र में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की सभी तैयारियां समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन नए भवनों के कार्यों में आ रही तकनीकी बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही, विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित नवीन चार मंजिला (जी+3) छात्रावास भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। महाविद्यालय व छात्रावास की रसोई के लिए पीएनजी (पाइप प्राकृतिक गैस) लाइन का कनेक्शन भी समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। :: चिकित्सा उपकरण और कच्ची औषधियों की होगी खरीदी :: बैठक में स्नातक (बीएएमएस) और स्नातकोत्तर (एमडी/एमएस) पाठ्यक्रमों की एनसीआईएमएस से मान्यता बनाए रखने के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरणों और औषधालयों के सुदृढ़ीकरण पर भी चर्चा हुई। संभागायुक्त ने चिकित्सालय के लिए जरूरी उपकरण तथा गुणवत्तापूर्ण दवाओं के निर्माण हेतु कच्ची औषधियां शीघ्र क्रय करने की स्वीकृति दी। इसके अलावा, स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को निखारने के लिए तीन माह का विशेष स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम (कौशल विकास कार्यक्रम) शुरू करने का निर्णय भी लिया गया। :: कैंसर उपचार और पंचकर्म की विशेष सुविधा :: समीक्षा के दौरान बताया गया कि अष्टांग आयुर्वेद चिकित्सालय की ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 400 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सालय में विशेष रूप से ओजोन थैरेपी, पंचकर्म चिकित्सा के साथ-साथ आयुर्वेदिक पद्धति से कैंसर रोगियों का भी सफल उपचार किया जा रहा है। यहाँ गर्भवती महिलाओं के लिए सुरक्षित प्रसूति की भी बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। वर्तमान में इस प्रतिष्ठित संस्थान में करीब 400 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जहां प्रतिवर्ष 75 नए विद्यार्थियों को प्रवेश मिलता है। इस उच्च स्तरीय बैठक में प्रशासनिक और तकनीकी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इनमें अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजीतपाल सिंह चौहान, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री अजय यादव, जिला आयुष अधिकारी डॉ. हंसा बारिया सहित समिति के सम्मानित सदस्य डॉ. धर्मेन्द्र कुमार शर्मा, डॉ. एस. के. दास और डॉ. जगदीश पंचोली प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्रकाश/22 मई 2026